NEET पेपर लीक पर बिलासपुर में बवाल: सांसद निवास घेरने पहुंचे NSUI कार्यकर्ता, देवेंद्र यादव का कुर्ता फटा, पुलिस ने चलाई वाटर कैनन

बिलासपुर। नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर बिलासपुर में बुधवार को जमकर हंगामा हुआ।

छात्रों के भविष्य के साथ कथित खिलवाड़ के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने सांसद तोखन साहू के निवास का घेराव करने के लिए बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई, जिससे माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भिलाई विधायक देवेंद्र यादव अपने समर्थकों के साथ सांसद निवास की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत सांसद बंगले से पहले ही कई स्तर की बैरिकेडिंग कर रखी थी।

जैसे ही प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स पार करने की कोशिश की, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझपटी शुरू हो गई।

हंगामे के बीच विधायक देवेंद्र यादव और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। धक्का-मुक्की के दौरान उनका कुर्ता फट गया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। कांग्रेस और एनएसयूआई नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक विरोध को दबाने का प्रयास बताया।

स्थिति को नियंत्रित करने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का सहारा लेना पड़ा। पानी की तेज बौछारों के बावजूद प्रदर्शनकारी काफी देर तक मौके पर डटे रहे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

एनएसयूआई नेताओं का कहना है कि नीट पेपर लीक मामले ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों का भरोसा तोड़ा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में सुधार होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

वहीं, पुलिस प्रशासन ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए और स्थिति को बाद में नियंत्रित कर लिया गया।

Exit mobile version