दिल्ली। पश्चिम बंगाल के आसनसोल में शुक्रवार रात लाउडस्पीकर की आवाज कम करने के निर्देश के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। रेलपार इलाके में नाराज भीड़ ने पुलिस चौकी पर पथराव कर दिया और जमकर तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को खदेड़ा। घटना में कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, राज्य सरकार के निर्देश पर प्रशासन ने शहर के कई हिस्सों में धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर की आवाज तय सीमा में रखने को कहा था। इसी सिलसिले में दिन में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच बातचीत हुई थी, लेकिन शाम होते-होते बड़ी संख्या में लोग पुलिस चौकी पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।
देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई। चौकी पर ईंट-पत्थर फेंके गए, जिससे सीसीटीवी कैमरे टूट गए। अंदर रखे कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया गया। सड़क किनारे खड़ी बाइक, ऑटो और कारों में भी तोड़फोड़ की गई। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद भारी पुलिस बल और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है। पुलिस के डिप्टी कमिश्नर वीजी सतीश पसुमार्थी ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
बता दें कि हाल के दिनों में पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा और राजनीतिक टकराव की कई घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या, TMC कार्यालयों में तोड़फोड़ और आगजनी जैसी घटनाओं ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे।
