रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री साय ने उनका छत्तीसगढ़ आगमन पर स्वागत करते हुए उन्हें बस्तर आर्ट का प्रतीक चिन्ह और शॉल भेंट किया।
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने राज्य में जनजातीय समाज के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री साय ने मंत्री ओराम को बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार आदिवासी समुदायों के स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए कई योजनाएँ संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनजातीय संस्कृति अत्यंत समृद्ध है और सरकार इसके संवर्धन और संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने छत्तीसगढ़ में आदिवासी कल्याण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए केंद्र की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में आदिवासी समुदायों के विकास के लिए चल रही पहलें अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण हैं। इस अवसर पर आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण देव और पुरंदर मिश्रा उपस्थित रहे।
