जगदलपुर। बस्तर की जनजातीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को समर्पित तीन दिवसीय बस्तर पंडुम का समापन समारोह 9 फरवरी को ऐतिहासिक और भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा।
इस गरिमामयी आयोजन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। समापन समारोह पूर्वान्ह 11 बजे से लालबाग मैदान, जगदलपुर में आयोजित होगा।
‘प्रकृति और परंपरा का उत्सव’ थीम के साथ मनाया जा रहा बस्तर पंडुम, बस्तर की माटी की खुशबू और समृद्ध जनजातीय विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन रहा है। इस आयोजन के जरिए आदिवासी लोकनृत्य, लोकगीत, पारंपरिक वेशभूषा, शिल्पकला और खान-पान को मंच मिलेगा, जिससे स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को नई पहचान और प्रोत्साहन मिलेगा।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी शामिल होंगे। इसके अलावा संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, वन मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप और भोजराज नाग, विधायकगण किरण सिंहदेव, लता उसेंडी, विनायक गोयल, नीलकंठ टेकाम, विक्रम उसेंडी, आशाराम नेताम, चैतराम अटामी, सावित्री मनोज मंडावी, लखेश्वर बघेल, विक्रम मंडावी और महापौर संजय पांडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। यह आयोजन बस्तर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला साबित होगा।
