केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का रायपुर आगमन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया आत्मीय स्वागत

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज दो दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर पूरे राज्य में स्वागत का उल्लास स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

गृह मंत्री शाह के स्वागत में प्रदेश की राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक व्यवस्था से जुड़े कई गणमान्य उपस्थित रहे। विमानतल पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, महापौर मीनल चौबे तथा सांसद रूपकुमारी चौधरी मौजूद रहे।

इसके साथ ही प्रशासनिक अमला भी स्वागत में अग्रसर रहा। मुख्य सचिव विकास शील, अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, आईजी अमरेश मिश्रा, संभागायुक्त महादेव कावरे और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने भी गृहमंत्री शाह का स्वागत कर उनका अभिनंदन किया।

केंद्रीय गृह मंत्री के आगमन को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई थी। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। माना जा रहा है कि उनके इस प्रवास से प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा और कई अहम निर्णयों की रूपरेखा भी तय हो सकती है।

उल्लेखनीय है कि अमित शाह 4 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ जगदलपुर प्रवास पर रहेंगे। यहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और बस्तर अंचल से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा करेंगे। उनके इस दौरे से विकास और सुरक्षा के मुद्दों पर ठोस दिशा तय होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Exit mobile version