रायपुर। कांग्रेस ने ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस के कोऑर्डिनेटर्स की नई सूची जारी की है, जिसमें छत्तीसगढ़ की दो आदिवासी महिला नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। 26 सदस्यीय राष्ट्रीय पैनल में जशपुर की अशिका कुजूर और मरवाही की अर्चना पोर्ते को जगह दी गई है। दोनों नेताओं की नियुक्ति छत्तीसगढ़ के आदिवासी नेतृत्व को राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त बनाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
अशिका कुजूर लंबे समय से आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों पर काम करती रही हैं। वहीं अर्चना पोर्ते महिला नेतृत्व को मजबूत करने और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में अपनी सक्रिय भूमिका के लिए जानी जाती हैं। दोनों नेताओं की नियुक्ति से प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है।
हाल ही में कांग्रेस संगठन में छत्तीसगढ़ के कई नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारियाँ दी गई हैं। कुछ दिन पहले ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रभारी महामंत्री गिरीश देवांगन को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के ओबीसी विभाग का राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर बनाया था।
देवांगन पहले छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम (CMDC) के अध्यक्ष रहे हैं और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी नेताओं में माने जाते हैं। उनके साथ त्रिलोक चंद्र श्रीवास और लेखराम साहू को भी ओबीसी विभाग में राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी दी गई है।
नियमित रूप से संगठन विस्तार में जुटी कांग्रेस इन नियुक्तियों को 2024 के बाद की रणनीति का हिस्सा मान रही है। नई सूची में दो आदिवासी महिला नेताओं को शामिल किया जाना छत्तीसगढ़ में पार्टी के सामाजिक आधार को और मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
