अर्नब कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदला, बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बनने के संकेत; दिल्ली-NCR में बारिश के बाद ठंडक
दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। चक्रवात अर्नब कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल रहा है, लेकिन इसका असर पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में बना हुआ है।
वहीं, दक्षिण अंडमान सागर में एक नया सिस्टम विकसित हो रहा है, जिसके 31 अक्टूबर के आसपास डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
मौसम एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, बिहार, उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिणी ओडिशा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और अंडमान-निकोबार में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल के हिमालयी क्षेत्र और सिक्किम में भी भारी बारिश के आसार हैं। झारखंड, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है।
दिल्ली-NCR में राहत, उत्तर भारत में ठंडक
दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में शनिवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। गुरुग्राम में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। उत्तर प्रदेश और बिहार में बादल छाए रहने के साथ कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में भी छिटपुट बारिश के आसार हैं।
मध्य और दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम
छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्यप्रदेश में बारिश की गतिविधियां कुछ क्षेत्रों में जारी रह सकती हैं। विदर्भ, महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा, कर्नाटक और केरल में हल्की बारिश संभव है। तमिलनाडु में मौसम ज्यादातर शुष्क रहने का अनुमान है। राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में मौसम साफ और पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
बारिश के कारण ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्यप्रदेश के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 6 से 7 डिग्री तक गिरा है। इससे दिन में भी ठंडक महसूस हो रही है।
