कोल एक्सपोर्ट के नाम पर 89 करोड़ की ठगी, भिलाई के दो कारोबारी गिरफ्तार

रायपुर। गुजरात के गांधीधाम निवासी व्यवसायी से 89 करोड़ रुपए की ठगी के मामले में भिलाई के दो कोयला व्यापारियों को गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय अग्रवाल और सचिन अग्रवाल के रूप में हुई है। वहीं, दो अन्य आरोपी संदीप अग्रवाल और राखी अग्रवाल अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।

पीड़ित व्यवसायी पवन मोर ने पुलिस को बताया कि भिलाई के नेहरू नगर निवासी इन आरोपियों ने मिलकर कोक एक्सपोर्ट के नाम पर निवेश का झांसा देकर उनसे 89 करोड़ रुपए हड़प लिए। इस धोखाधड़ी की शिकायत पवन मोर ने 8 फरवरी 2025 को गांधीधाम बी डिवीजन थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार थे और गुजरात पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी।

17 सितंबर को गुजरात पुलिस की टीम ने दुर्ग जिले के कुरूद में दबिश दी। यहां एक भाजपा नेता के रिश्तेदार के घर पर छापेमारी में संजय और सचिन को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों लंबे समय से यहीं छिपे हुए थे।

पवन मोर ने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण के चलते गिरफ्तारी में देरी हुई। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई होती तो अन्य निवेशकों को बचाया जा सकता था।

गुजरात पुलिस ने खुलासा किया कि आरोपियों पर सिर्फ गांधीधाम ही नहीं बल्कि अहमदाबाद, मुंबई और कोलकाता में भी करीब 200 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोप हैं। फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों को गुजरात ले जाया जाएगा और बाकी फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

Exit mobile version