रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विगत 12 दिसम्बर को महाराष्ट्र के लातूर में उनके निधन के समाचार से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई थी। सदन की कार्यवाही प्रारंभ होने से पहले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, मंत्रीगण एवं सभी विधायकों ने मौन धारण कर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने स्वर्गीय श्री पाटिल के दीर्घ राजनीतिक और संसदीय जीवन को स्मरण करते हुए कहा कि वे लगातार सात बार लोकसभा के सदस्य रहे और उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण मंत्रालयों का दायित्व निभाया। लोकसभा अध्यक्ष के रूप में उनका कार्यकाल संसदीय परंपराओं को मजबूत करने वाला रहा। संसदीय कार्यवाही के टेलीविजन प्रसारण की शुरुआत और उसे सुदृढ़ बनाने में भी उनका उल्लेखनीय योगदान रहा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वर्गीय शिवराज पाटिल ने केंद्रीय मंत्री और लोकसभा अध्यक्ष के रूप में लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती दी। डॉ. मनमोहन सिंह सरकार में केंद्रीय गृहमंत्री रहते हुए उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देश की आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी अत्यंत संवेदनशीलता और संतुलन के साथ निभाई। लातूर क्षेत्र के प्रतिनिधि के रूप में उन्होंने भूकंप जैसी भीषण आपदा के समय प्रभावित लोगों के पुनर्वास और सहायता में अहम भूमिका निभाई।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि शिवराज पाटिल का जाना राजनीति और सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। वे संविधान और विधि के गहरे जानकार थे और उनका सेवाभावी व्यक्तित्व सदैव स्मरणीय रहेगा।
