पारदर्शी व्यवस्था से खुशहाल किसान: 3100 रुपए समर्थन मूल्य से नंद कुमार ने जताया सीएम साय के प्रति आभार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा लागू की गई पारदर्शी और किसान हितैषी धान खरीदी व्यवस्था ने किसानों में भरोसे की नई लहर पैदा की है।

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत 15 नवंबर से नारायणपुर जिले के 17 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। केंद्रों में बारदाना, छाया, पेयजल, मेडिकल किट जैसी सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही ऑनलाइन टोकन प्रणाली अपनाने से किसानों को लंबी कतारों से राहत मिली है।

प्रक्रिया की बेहतर मॉनिटरिंग के लिए नोडल अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। धान विक्रय के बाद राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में अधिकतम दो दिनों के भीतर अंतरित की जा रही है, जिससे उन्हें किसी भी बिचौलिये पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है। इससे किसानों के समय और धन दोनों की बचत हो रही है।

नारायणपुर के माहका केंद्र में धान बेचने पहुंचे किसान नंद कुमार शर्मा ने बताया कि उन्होंने पाँच एकड़ खेत में 60 क्विंटल धान का उत्पादन किया है। 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मानक से उन्हें वास्तविक लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाएँ संतोषजनक हैं और ऑनलाइन टोकन प्रणाली ने खरीदी प्रक्रिया को सरल बना दिया है।

किसान नंद कुमार ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सरकार द्वारा अपनाई गई यह व्यवस्था किसानों को आत्मनिर्भर एवं मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि प्राप्त राशि का उपयोग वे कृषि तकनीक सुधार और परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए करेंगे। केंद्र में मौजूद अन्य किसानों ने भी खरीदी व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार के प्रयासों से किसानों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है और भविष्य में भी इस प्रक्रिया को इसी तरह मजबूत रखने की अपेक्षा की।

Exit mobile version