नारायणपुर। माओवादियों ने नारायणपुर-ओरछा मुख्यमार्ग को जगह-जगह से काट दिया है। माओवादियों ने सड़क को काटने के बाद बैनर बांधे हैं। यह बैनर नेलनार एरिया कमेटी के माओवादियों ने बांधा है। बैनर में बस्तर फाइटर्स फोर्स के विरोध की बात लिखी हुई है।
जानकारी के मुताबिक माओवादियों ने नयानार के पास सड़क को 3 से 4 जगहों से काटा है। करीब 20 से 25 की संख्या में पहुंचे माओवादियों ने वारदात को अंजाम दिया है। सुबह ओरछा से नारायणपुर के लिए निकली यात्री बस और एंबुलेंस को नयानार से ओरछा लौटना पड़ा। जानकारी मिलने के बाद जवान मौके पर पहुंच गए हैं। सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है।