दिल्ली। दिल्ली और मुंबई को दहलाने की बड़ी आतंकी साजिश को सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते नाकाम कर दिया है। महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की संयुक्त कार्रवाई में दो खतरनाक संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के संबंध जैश-ए-मोहम्मद और इस्लामिक स्टेट जैसे आतंकी संगठनों से बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, आरोपियों को मुंबई के कुर्ला और ठाणे के खडावली इलाके से हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार संदिग्धों की पहचान मोसाब आदम उर्फ कलाम कल्याण और मोहम्मद हमद कोल्लारा के रूप में हुई है। पूछताछ के लिए दोनों को दिल्ली लाया गया है, जहां उनसे गहन जांच जारी है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी ऑनलाइन कट्टरपंथी नेटवर्क के संपर्क में थे और “मिशन खिलाफत” तथा “सोल्जर्स ऑफ प्रॉफेट” जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए ब्रेनवॉश किए गए थे। उनका संपर्क ‘अबू हुफेजा’ नाम के एक संदिग्ध हैंडलर से भी बताया जा रहा है, जो आतंकी भर्ती और साजिशों में शामिल रहा है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी दिल्ली में “टॉय कार बम” के जरिए धमाका करने की योजना बना रहे थे। वे इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बनाना सीख रहे थे और खिलौना कार में बम छिपाकर भीड़भाड़ वाले इलाके में विस्फोट की साजिश रच रहे थे।
इस कार्रवाई के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ी आतंकी घटना टल गई। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपियों से जुड़े अन्य नेटवर्क की तलाश की जा रही है।
