10 रुपये की टिकट लेकर मयाली नेचर कैंप पहुंचे मुख्यमंत्री, साहसिक खेलों का लिया आनंद
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज एक अलग ही अंदाज़ में नजर आए। उन्होंने आम पर्यटकों की तरह 10 रुपये का टिकट कटाकर जिले के लोकप्रिय पर्यटन स्थल मयाली नेचर कैंप में प्रवेश किया और साहसिक खेल गतिविधियों का आनंद लिया।
मुख्यमंत्री ने स्वयं प्रवेश शुल्क अदा कर नियमों के पालन और समानता का सशक्त संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कई नए एडवेंचर स्पोर्ट्स की औपचारिक शुरुआत भी की।
मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी शल्या साय, विधायक श्रीमती गोमती साय, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने नेचर कैंप में विकसित अधोसंरचनाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया।
उन्होंने स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रकृति-आधारित पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ रोजगार सृजन का मजबूत माध्यम बन रहे हैं। इससे युवाओं को अपने ही क्षेत्र में काम करने के अवसर मिल रहे हैं।
चार नए एडवेंचर स्पोर्ट्स का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने स्पोर्ट्स मोटर बाइक (एटीवी) को स्वयं चलाकर साहसिक पर्यटन का आनंद लिया। उन्होंने बैलून शूटिंग में बंदूक से सटीक निशाना साधकर, आर्चरी शूटिंग में तीर चलाकर और माउंटेन साइक्लिंग में खुद साइकिल चलाकर नए खेलों का शुभारंभ किया। साथ ही वॉल क्लाइंबिंग बोर्ड का उद्घाटन भी किया।
इस दौरान वॉल क्लाइंबर तेज सिंह और तेजल भगत ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया, जिसकी मुख्यमंत्री ने सराहना की। मुख्यमंत्री बॉक्स क्रिकेट खेलते हुए भी नजर आए और आकर्षक शॉट लगाए। उन्होंने नेचर कैंप स्थित कैक्टस गार्डन का अवलोकन किया, जहां वनमंडलाधिकारी शशि कुमार ने विभिन्न प्रजातियों के कैक्टस और उनके औषधीय महत्व की जानकारी दी।
