CG विधानसभा में आज का दिन ‘मुद्दों’ के नाम: चाकूबाजी, फ्लाईऐश और मजदूरों की मौत पर सरकार को घेरेगा विपक्ष; गूंजेगा गौवंश का मुद्दा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में आज का दिन हंगामेदार रहने के आसार हैं। सदन की कार्यवाही में आज जहां कानून-व्यवस्था और चाकूबाजी की घटनाओं को लेकर सरकार से तीखे सवाल किए जाएंगे, वहीं उद्योगों में मजदूरों की सुरक्षा और फ्लाईऐश प्रबंधन जैसे गंभीर विषय भी गूंजेंगे। कार्यवाही की शुरुआत पूर्व सदस्य मंगलीबाई रावटे को श्रद्धांजलि देने के साथ होगी।

प्रश्नकाल: गौवंश और कॉलोनियों का हस्तांतरण

प्रश्नकाल के दौरान कृषि, पशुपालन और आवास एवं पर्यावरण विभाग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर प्रदेश में गौवंश की स्थिति और कृत्रिम गर्भाधान योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल पूछेंगे।

विधायक मोतीलाल साहू रायपुर विकास प्राधिकरण और हाउसिंग बोर्ड की कॉलोनियों को नगर निगम में शामिल करने का मुद्दा उठाएंगे, जिससे हजारों रहवासियों की सुविधाएं जुड़ी हैं। उद्योगों से निकलने वाले फ्लाईऐश के कचरा प्रबंधन को लेकर भी सरकार को जवाब देना होगा।

77 ध्यानाकर्षण: चाकूबाजी और मजदूरों की मौत पर घिरेगी सरकार

सदन में आज रिकॉर्ड 77 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पेश किए जाएंगे। विधायक अजय चंद्राकर और धरमलाल कौशिक प्रदेश में बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं पर गृहमंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे। बलौदाबाजार के रियल इस्पात फैक्ट्री में हुए हादसे और मजदूरों की सुरक्षा में लापरवाही का मुद्दा पुरंदर मिश्रा और इंद्र साव उठाएंगे। विधायक इंद्र साव धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति पर सरकार से जानकारी मांगेंगे।

अटल श्रीवास्तव उठाएंगे सामुदायिक भवनों में निर्माण की देरी का मुद्दा

कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव मंडी निधि से सामुदायिक भवनों के निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा उठाकर विपक्ष की ओर से मोर्चा संभालेंगे। आज तीन मंत्रियों टंकराम वर्मा, गजेंद्र यादव और गुरु खुशवंत साहेब के विभागों से जुड़े सवाल भी सदन पटल पर रखे जाएंगे। माना जा रहा है कि कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्ष आज सदन में भारी हंगामा कर सकता है।

Exit mobile version