तिल्दा को 4.90 करोड़ की सौगात: वार्ड 22 में बनेगा आधुनिक ऑडिटोरियम, सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा नया मंच

रायपुर। नगर पालिका तिल्दा के वार्ड क्रमांक 22 में जल्द ही आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण किया जाएगा। राज्य शासन ने वित्तीय वर्ष 2025–26 के अंतर्गत इसके लिए 4 करोड़ 90 लाख 6 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। यह राशि अधोसंरचना मद के तहत स्वीकृत की गई है, जिससे क्षेत्र में सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों को नया मंच मिलेगा।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण तिल्दा शहर के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय कलाकारों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों को कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही यह नगर की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति देगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शासन की प्राथमिकता है कि सभी विकास कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि आम नागरिकों को उनका सीधा लाभ मिल सके।

नगर पालिका परिषद तिल्दा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी के प्रस्ताव के आधार पर इस परियोजना को मंजूरी दी गई है। निर्माण कार्य सभी तकनीकी मानकों और नियमों के अनुरूप किया जाएगा। स्वीकृत राशि का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्य के लिए होगा तथा कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।

Exit mobile version