नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को कई राज्यों में मौसम की स्थिति को लेकर चेतावनी दी है। 6 राज्यों में तेज बारिश और आंधी का अनुमान है, वहीं पश्चिम बंगाल और गुजरात में लू चलने की संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में अगले तीन दिनों तक 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान हल्की बारिश और आंधी का भी अनुमान है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार को पारा 40 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। वहीं, हरियाणा में तापमान में 2.5 डिग्री का इजाफा हुआ है।
गर्मी और लू की चेतावनी
गुजरात और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में लू चलने का अनुमान है। ओडिशा और वेस्ट बंगाल के कई इलाकों में गर्म हवा चली। इसके साथ ही, बिहार और गुजरात में गर्म हवाओं की वजह से तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग ने सभी राज्यों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
इन राज्यों में ऐसा रहेगा मौसम
- राजस्थान: यहां 2 से 4 अप्रैल तक बारिश और आंधी की संभावना है। मौसम विभाग ने 2 और 3 अप्रैल को कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
- मध्य प्रदेश: राज्य में 31 मार्च से 3 अप्रैल तक आंधी और हल्की बारिश का अनुमान है।
- छत्तीसगढ़: 2 अप्रैल से आंधी और बारिश का सिस्टम सक्रिय होगा।
- हरियाणा: 4 अप्रैल तक मौसम खुश्क रहेगा, लेकिन तापमान में वृद्धि हो सकती है।
- पंजाब: यहां अगले 2-3 दिनों में तापमान में 5 से 7 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे पानी संकट का खतरा भी बढ़ सकता है।