कांकेर में जेल प्रहरियों की गुंडागर्दी: चप्पल उतारने की बात पर ढाबा संचालक-कर्मचारियों से की मारपीट, CCTV में कैद हुई वारदात

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 5 जेल प्रहरियों ने ढाबा संचालक और उसके कर्मचारियों की बेरहमी से पिटाई कर दी। यह पूरी घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-30 स्थित राजवीर ढाबा की है, जो अब CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर की रात की है। कांकेर जिला जेल में पदस्थ पांच प्रहरी राजवीर ढाबा पर खाना खाने पहुंचे थे। उस समय ढाबे का आधा शटर बंद था, लेकिन संचालक मनोज ठाकुर ने उन्हें खाना खिलाने की व्यवस्था की। इसी दौरान एक प्रहरी चप्पल पहनकर काउंटर में चला गया। जब ढाबा संचालक और कर्मचारी ने शिष्टाचारवश चप्पल उतारने का अनुरोध किया, तो प्रहरी भड़क गया और वहां से चला गया।

कुछ देर बाद वह अपने चार साथियों के साथ लौट आया और ढाबे में तोड़फोड़ और मारपीट करने लगा। CCTV फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि प्रहरियों ने ढाबा संचालक और कर्मचारियों को पटक-पटककर और थप्पड़ जड़ते हुए पीटा। इस मारपीट में संचालक और एक कर्मचारी को गंभीर चोटें आई हैं।

ढाबा संचालक ने बताया कि उन्होंने केवल चप्पल उतारने की बात कही थी, लेकिन जेल कर्मचारियों ने दबंगई दिखाते हुए हमला कर दिया। वहीं, कांकेर सिटी कोतवाली के उप निरीक्षक सुरेंद्र मानिकपुरी ने बताया कि अब तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है। शिकायत मिलते ही पुलिस कार्रवाई करेगी।

Exit mobile version