रायपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर 29 से 31 अगस्त तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का मुख्य थीम ‘‘एक घंटा, खेल के मैदान में’’ रखा गया है।
राजधानी रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में 29 अगस्त को मुख्य कार्यक्रम होगा। इसमें उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि और सांसद बृजमोहन अग्रवाल अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम में मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। करीब 2000 खिलाड़ी, जिनमें राज्य की खेल अकादमियों के खिलाड़ी, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी और खेल संघों के सदस्य शामिल होंगे, आयोजन का हिस्सा बनेंगे।
पहले दिन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी खिलाड़ियों से संवाद करेंगे। इनमें आईपीएल क्रिकेटर शशांक सिंह, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी श्रेयांश जायसवाल, फुटबॉल खिलाड़ी किरण पिस्दा और हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे शामिल हैं। साथ ही खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स इंजरी, मानसिक स्वास्थ्य, करियर गाइडेंस और पोषण पर विशेष सेमिनार भी होंगे।
दूसरे दिन 30 अगस्त को स्वामी विवेकानंद स्टेडियम रायपुर में बालिका फुटबॉल अकादमी और फुटबॉल संघ के बीच सद्भावना मैच खेला जाएगा। इसके जरिए लोगों को खेल को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया जाएगा।
तीसरे दिन 31 अगस्त को दुर्ग में ‘‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’’ थीम पर विशाल साइकिल रैली निकाली जाएगी। यह आयोजन प्रदेश साइकिल एसोसिएशन के सहयोग से होगा, जिसमें लोगों को साइकिलिंग को दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया जाएगा।
प्रदेश के सभी 33 जिलों में भी तीनों दिन खेल, सेमिनार और फिटनेस कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस तरह राज्यभर में राष्ट्रीय खेल दिवस को खेल और फिटनेस के उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।