टोंक। राजस्थान के टोंक जिले में मंगलवार सुबह कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सुबह करीब 10 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने जिला कलेक्टर की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर यह धमकी भेजी। जैसे ही ई-मेल की जानकारी प्रशासनिक स्टाफ को मिली, कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने तुरंत सभी कर्मचारियों को परिसर से बाहर निकलवाया और पुलिस अधीक्षक व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। हालांकि, दोपहर 3.30 बजे धमाके का समय दिए जाने के बावजूद साढ़े पांच घंटे बाद तक भी डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता मौके पर नहीं पहुंचा।
सुबह 10:15 बजे एएसपी गीता चौधरी, डीएसपी राजेश विद्यार्थी और सिविल डिफेंस टीम के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और परिसर को खाली कर तलाशी शुरू कर दी। चप्पे-चप्पे की तलाशी के बाद भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। दोपहर करीब 3.15 बजे सभी अधिकारी परिसर से बाहर आ गए और रोड किनारे खड़े रहे।
शाम करीब 4 बजे कलेक्टर सौम्या झा स्वयं मौके पर पहुंचीं और एडीएम रामरतन सौकरिया व अन्य अधिकारियों से दिनभर की स्थिति का फीडबैक लिया। कलेक्टर ने बताया कि अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन एहतियातन डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता बुलाया गया है। अन्य जिलों में भी ऐसी धमकी मिलने के कारण टीमें व्यस्त हैं। उनके आने के बाद ही कलेक्ट्रेट को दोबारा खोला जाएगा।