हजारों पेंशनरों को 4 महीने से नहीं मिली पेंशन, कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

रायगढ़। नगर निगम क्षेत्र के हजारों पेंशनधारियों को बीते चार महीनों से पेंशन नहीं मिलने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने बताया कि वृद्धजन, विधवा, दिव्यांग, सुखद सहारा योजना और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े कुल 7848 हितग्राही इस समस्या से सीधे तौर पर प्रभावित हैं। पेंशन की यह राशि इन जरूरतमंद वर्गों के लिए जीवनयापन का मुख्य सहारा होती है, ऐसे में लंबे समय से भुगतान न होने से उन्हें गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में बताया गया कि राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 3804, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन के 742, दिव्यांग पेंशन के 61, सुखद सहारा योजना के 1465, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 1565 और मुख्यमंत्री पेंशन योजना के 211 हितग्राही पेंशन से वंचित हैं। इन सभी को मिलाकर कुल 7848 पेंशनधारी पिछले चार महीनों से अपनी पेंशन का इंतजार कर रहे हैं।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि समस्या का मुख्य कारण केंद्र सरकार द्वारा राज्य को अपना अंश समय पर जारी नहीं किया जाना है, जिससे राज्य सरकार को योजनाओं के क्रियान्वयन में कठिनाई आ रही है। उन्होंने कहा कि पेंशन न मिलने से बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों की दैनिक जरूरतें, दवाइयों का खर्च और भोजन तक प्रभावित हो रहा है। इससे पेंशनरों में गहरा आक्रोश और मानसिक तनाव देखने को मिल रहा है।

कांग्रेस ने कलेक्टर से मांग की कि प्रशासनिक स्तर पर तत्काल हस्तक्षेप कर केंद्र से लंबित राशि जारी कराई जाए और प्रभावित हितग्राहियों को शीघ्र राहत दी जाए। पार्टी ने इसे भाजपा की ‘गारंटी’ पर सवाल बताते हुए कहा कि सरकार के वादों के बावजूद जरूरतमंदों को उनका हक नहीं मिल पा रहा है। इस मुद्दे को लेकर स्थानीय स्तर पर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, वहीं पेंशनर परिवार प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Exit mobile version