रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी नागरिकों के सुख, समृद्धि और परस्पर सौहार्द की मंगलकामना करते हुए कहा कि यह पर्व भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा को दर्शाने वाला त्यौहार है। इस दिन बहनें अपने भाई की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और सुरक्षा के लिए रक्षा-सूत्र बांधती हैं, वहीं भाई भी बहनों की रक्षा और सम्मान का संकल्प लेते हैं। यह पर्व पारिवारिक और सामाजिक रिश्तों को सशक्त बनाता है और आपसी विश्वास, प्रेम, करुणा तथा दायित्वबोध की भावना को और मजबूत करता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि रक्षाबंधन के अवसर पर समाज में सौहार्द्र, भाईचारा और महिला सम्मान को बढ़ाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल राखी बांधने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी है।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से प्रदेश की बेटियों, बहनों और मातृशक्ति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में प्रेम, उमंग और नई ऊर्जा का संचार करेगा तथा समाज में आपसी रिश्तों को और प्रगाढ़ बनाएगा।