देश में अगले 11 दिन भीषण गर्मी का खतरा, कई राज्यों में लू का अलर्ट

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 11 दिनों तक देश के कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर रह सकता है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब जैसे राज्यों में लू (हीटवेव) का अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान में 26 साल का रिकॉर्ड टूटा

बाड़मेर और जैसलमेर में रविवार को तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया। यह अप्रैल के पहले हफ्ते में पिछले 26 सालों में सबसे ज्यादा तापमान है। आज राजस्थान के 14 जिलों में लू का खतरा है।

मध्य प्रदेश में भी लू की शुरुआत

भोपाल में तापमान 40.5 डिग्री दर्ज हुआ, जो इस सीजन का सबसे ज्यादा है। 13 जिलों में लू का अलर्ट जारी है। नीमच, मंदसौर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, रतलाम में लू चल सकती है।

हरियाणा और पंजाब में अप्रैल में ही मई जैसी गर्मी

हरियाणा के 16 जिलों में यलो अलर्ट जारी। रोहतक और नारनौल में तापमान 40 डिग्री तक पहुंचा। पंजाब और चंडीगढ़ में 10 अप्रैल तक लू चल सकती है। वहीं दिल्ली में भी हीटवेव की चेतावनी जारी है। रविवार को तापमान 38.2 डिग्री रहा, आज 41 डिग्री तक जा सकता है।

पूर्वोत्तर राज्यों में राहत की उम्मीद

असम, मेघालय, त्रिपुरा, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम में बारिश और ओले गिरने की संभावना। केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

Exit mobile version