रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नूतन वर्ष 2026 के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम जारी अपने ऑडियो संदेश में सभी नागरिकों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा वर्ष 2026 को “महतारी गौरव वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है, जो मातृशक्ति के सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तिकरण को समर्पित रहेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा में “महतारी” का स्थान सर्वोच्च है। नारी शक्ति त्याग, ममता, संस्कार, श्रम और नेतृत्व की सशक्त प्रतीक रही है। महतारी गौरव वर्ष के माध्यम से समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को न केवल राज्य बल्कि राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में छत्तीसगढ़ ने नक्सल उन्मूलन, औद्योगिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और बुनियादी ढांचा विकास के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। इस विकास यात्रा में मातृशक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। स्वयं सहायता समूहों, महिला उद्यमियों, शिक्षिकाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और महिला जनप्रतिनिधियों ने राज्य के विकास को नई दिशा दी है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि महतारी गौरव वर्ष के दौरान चलाई जाने वाली योजनाओं और अभियानों से महिलाएँ आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से और अधिक सशक्त बनेंगी। इससे प्रदेश की विकास गति और अधिक मजबूत होगी।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे नारी सम्मान, नारी सुरक्षा और नारी सशक्तिकरण को अपने आचरण और जीवन का मूल मंत्र बनाएं।
उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर वर्ष 2026 को नारी सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता और समावेशी विकास का सशक्त प्रतीक बनाएं।
अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी प्रदेशवासियों को नए वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए प्रदेश की समृद्धि, शांति और उन्नति की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।
