रायपुर। छत्तीसगढ़ में मार्च के महीने में ही जेठ जैसी तपिश महसूस होने लगी है।
प्रदेश के कई हिस्सों में सूरज के तेवर तीखे हो गए हैं, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, राजनांदगांव 40.5°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा।
राजधानी रायपुर में भी बुरा हाल
राजधानी रायपुर में भी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। यहां पारा 39 डिग्री के पार पहुंच चुका है।
दोपहर के वक्त सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है और लोग धूप से बचने के लिए चेहरे पर स्कार्फ और चश्मों का सहारा ले रहे हैं। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों तक स्थिति ऐसी ही बनी रहेगी, लेकिन उसके बाद तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट आ सकती है।
बस्तर में बदलेगा मौसम: आंधी-बारिश का अलर्ट
एक तरफ जहां मैदानी इलाके तप रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने राहत की खबर भी दी है। अगले दो दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों, खासकर बस्तर संभाग और आसपास के इलाकों में मौसम बदल सकता है।
अचानक बढ़ती गर्मी और फिर मौसम में होने वाले इस बदलाव से स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ सकता है। डॉक्टरों ने लू से बचने के लिए तरल पदार्थों का अधिक सेवन करने और दोपहर में अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है। प्रदेश में फिलहाल ‘ड्राई वेदर’ की स्थिति बनी हुई है, लेकिन बस्तर की बारिश से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
