दिल्ली। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते मैदानी राज्यों में ठंड का कहर जारी है। मध्य प्रदेश में सोमवार रात 25 शहरों का न्यूनतम तापमान 10° सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। पचमढ़ी सबसे ठंडा शहर रहा, जहां तापमान 4.6°C तक गिर गया।
उत्तर प्रदेश के 26 जिले शिमला से ज्यादा ठंडे रहे। बाराबंकी में रात का पारा 4.5°C तक पहुंचा। इटावा, शाहजहांपुर, कानपुर और बुलंदशहर में 7°C से कम तापमान रिकॉर्ड किया गया। सर्दी की वजह से पिछले 48 घंटों में तीन लोगों की मौत हुई है। नौ शहरों में 8वीं तक के स्कूल बंद रहे।
उत्तराखंड के नैनीताल में कल न्यूनतम तापमान 6°C और हिमाचल के शिमला में 11°C दर्ज किया गया। जम्मू के पहाड़ी इलाकों में दो दिन से बर्फबारी का दौर जारी है। गुलमर्ग का तापमान -2.0°C रहा।
दिल्ली में कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम रही। इसके चलते IGI एयरपोर्ट पर 500 से ज्यादा फ्लाइट देरी से उड़ीं, जबकि 14 फ्लाइट कैंसिल हुईं, जिनमें 6 आने वाली और 8 जाने वाली फ्लाइट शामिल थीं। कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी असर पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में ठंड और कोहरे का असर जारी रहेगा। 24 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में कोल्ड वेव और तेज सर्दी का असर रहेगा।
25 दिसंबर को कोहरे और ठंड का प्रभाव बना रहेगा, विशेषकर सुबह और देर रात। 26 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ में घना कोहरा फैल सकता है, जिससे हाईवे, रेल और उड़ानों पर असर पड़ सकता है। पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश से ठंड और बढ़ सकती है।
