पंचायत प्रतिनिधियों के अध्ययन भ्रमण से ग्रामीण विकास को मिलेगी नई दिशा: सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों का अध्ययन भ्रमण ग्रामीण विकास को नई दिशा देगा और इससे छत्तीसगढ़ की पंचायत राज व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

उन्होंने यह बात मुख्यमंत्री निवास में बस्तर संभाग के जिला पंचायत प्रतिनिधियों के प्रशिक्षण सह अध्ययन भ्रमण दल को रवाना करते समय कही। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दो बसों को हरी झंडी दिखाकर प्रतिनिधियों को महाराष्ट्र के लिए रवाना किया।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि यह अध्ययन भ्रमण राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को अन्य राज्यों की बेहतर कार्यप्रणालियों से अवगत कराना है।

इससे वे नई सीख और अनुभव को अपने-अपने क्षेत्रों में लागू कर सकेंगे, जिससे ग्रामीण विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान प्रतिनिधि महाराष्ट्र की पंचायत राज व्यवस्था, नवाचार, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनभागीदारी के मॉडल का अध्ययन करेंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे बस्तर और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन संभावनाओं, जनहितैषी योजनाओं और सुशासन की जानकारी अन्य राज्यों के प्रतिनिधियों से साझा करें। उन्होंने सभी को सफल और सुरक्षित यात्रा के लिए शुभकामनाएँ दीं।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी पंचायत प्रतिनिधियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ऐसे अध्ययन भ्रमण पंचायतों को अधिक सशक्त और विकासोन्मुख बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।

उल्लेखनीय है कि 18 से 23 जनवरी तक मुंबई में आयोजित इस प्रशिक्षण सह अध्ययन भ्रमण के प्रथम चरण में 60 पंचायत प्रतिनिधि एवं नोडल अधिकारी शामिल हैं। आगामी चरणों में अन्य संभागों के प्रतिनिधियों को भी इसी तरह भेजा जाएगा।

Exit mobile version