कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक रेस्टोरेंट में मटन की जगह बीफ परोसने का मामला सामने आया है। बंगाली यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर सायक चक्रवर्ती ने आरोप लगाया कि उन्होंने पार्क स्ट्रीट इलाके के एक पब-रेस्टोरेंट में मटन स्टेक ऑर्डर किया था, लेकिन उन्हें बीफ स्टेक परोस दिया गया। सायक का दावा है कि वह बीफ को मटन समझकर खा भी चुके थे, बाद में उन्हें शक हुआ और उन्होंने स्टाफ से सवाल-जवाब किया।
घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है, जब सायक अपने दोस्तों के साथ डिनर के लिए रेस्टोरेंट पहुंचे थे। उनके मुताबिक, कुछ देर बाद वेटर एक और प्लेट लेकर आया और उसे मटन स्टेक बताया। इसी दौरान सायक को शक हुआ कि पहले जो स्टेक परोसा गया था, वह मटन नहीं था। जब उन्होंने वेटर से पूछताछ की तो वेटर ने दावा किया कि दो स्टेक ऑर्डर हुए थे—एक मटन और एक बीफ। हालांकि सायक ने कहा कि उन्होंने सिर्फ एक ही मटन स्टेक ऑर्डर किया था।
सायक ने इस पूरे विवाद का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें वह वेटर से बहस करते और जवाब मांगते दिखे। वीडियो में रेस्टोरेंट मैनेजर और वेटर माफी मांगते नजर आए। सायक ने यह भी कहा कि वह ब्राह्मण हैं और इस घटना से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
मामले में पार्क स्ट्रीट पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत केस दर्ज किया है। वेटर शेख नासिरुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस घटना पर BJP आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने X पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बंगाल में हिंदुओं को जबरन गोमांस खिलाने जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं और यह आस्था से जुड़ा मामला है। वहीं, वायरल होने के बाद सायक ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी तरह का सांप्रदायिक माहौल बनाना नहीं था और वह सिर्फ गलत परोसे गए खाने पर सवाल उठा रहे थे।
