रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के कावरगट्टा क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने प्रभावी रणनीति और साहसिक कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात माओवादियों को न्यूट्रलाइज कर दिया। मारे गए माओवादियों में कथित एरिया कमांडर प्रदीप (ACM) और पार्टी मेंबर भीमा (PM) शामिल हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस सफलता पर सुरक्षा बलों को बधाई देते हुए कहा कि जवानों के अदम्य साहस और रणनीतिक दक्षता से बस्तर को नक्सलमुक्त बनाने के राज्य सरकार के संकल्प को नई मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई साबित करती है कि शांति, सुरक्षा और विकास के मार्ग में बाधा डालने वाली ताकतों के खिलाफ सरकार पूरी दृढ़ता के साथ आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में केंद्र सरकार के मार्गदर्शन तथा डबल इंजन सरकार के सुशासन से बस्तर अंचल में हालात तेजी से बदल रहे हैं। जहां कभी भय और हिंसा का माहौल था, वहां अब विकास, विश्वास और शांति का वातावरण बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस सफल अभियान के लिए डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और सीआरपीएफ के जवानों की सराहना करते हुए कहा कि उनके साहस, समर्पण और बलिदान से ही बस्तर में स्थायी शांति और समृद्धि का सपना साकार हो रहा है।
