विपक्ष लोकसभा स्पीकर के खिलाफ ला सकता है अविश्वास प्रस्ताव: राहुल गांधी को बोलने देने की मांग पर फिर हंगामा, सदन 12 बजे तक स्थगित

नई दिल्ली। बजट सत्र के दौरान सोमवार को भी लोकसभा में विपक्ष का हंगामा जारी रहा। विपक्षी सांसद लगातार राहुल गांधी को सदन में बोलने देने की मांग करते रहे। हंगामे के चलते लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर है कि विपक्ष लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर सकता है।

सोमवार को सत्र की शुरुआत होते ही विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्ष का कहना था कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सदन में अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया जा रहा है। स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि प्रश्नकाल के बाद राहुल गांधी को बोलने का मौका मिलेगा, लेकिन विपक्षी सांसद इस पर नहीं माने और हंगामा जारी रखा। इसके चलते महज 6 मिनट में ही लोकसभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।

इससे पहले शुक्रवार को भी भारी हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही तीन बार स्थगित करनी पड़ी थी। राज्यसभा में भी सोमवार को हंगामे के आसार हैं। शुक्रवार को राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के बीच तीखी बहस हुई थी। विवाद की वजह केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को लेकर बयान था। राहुल गांधी द्वारा बिट्टू को संसद परिसर में ‘गद्दार’ कहे जाने के बाद राजनीतिक माहौल और गरमा गया था।

सोमवार को विपक्षी सांसदों ने संसद भवन के मकर द्वार पर भी प्रदर्शन किया। हाथों में पोस्टर लेकर सांसदों ने लिखा- ‘आप हमें सस्पेंड कर सकते हैं, लेकिन खामोश नहीं कर सकते।’ वहीं, भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि विपक्ष सावरकर को लेकर भ्रम फैलाना चाहता है, जबकि सपा और कांग्रेस सांसदों ने सरकार पर पलटवार किया।

लगातार हो रहे हंगामे से बजट सत्र की कार्यवाही प्रभावित हो रही है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यदि गतिरोध नहीं टूटा, तो विपक्ष स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर बड़ा कदम उठा सकता है। फिलहाल संसद में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Exit mobile version