मुख्यमंत्री के प्रति व्यक्त किया आभार
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा लागू की गई सुव्यवस्थित, पारदर्शी और किसान-हितैषी धान खरीदी व्यवस्था का सकारात्मक असर ज़मीन पर साफ दिखाई दे रहा है।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 15 नवंबर से प्रारंभ हुई धान खरीदी प्रक्रिया सक्ती जिले में पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। जिले के 125 धान उपार्जन केंद्रों में किसानों को समयबद्ध और पारदर्शी व्यवस्था का लाभ मिल रहा है।
जिला कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में सभी धान खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण और सतत निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसी क्रम में सक्ती जिले के लवसरा धान खरीदी केंद्र में ग्राम बेल्हाडीह निवासी किसान जेठूराम बंजारे ने 20.80 क्विंटल धान का सफलतापूर्वक विक्रय किया।
किसान जेठूराम बंजारे ने बताया कि वर्तमान धान खरीदी व्यवस्था पहले की तुलना में कहीं अधिक सरल, तेज़ और पारदर्शी हो गई है। उन्होंने कहा कि पहले टोकन के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ता था, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी होती थी। अब 24×7 ऑनलाइन टोकन सुविधा शुरू होने से यह समस्या पूरी तरह समाप्त हो गई है।
उन्होंने बताया कि ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से उन्हें घर बैठे टोकन प्राप्त हो गया। टोकन मिलने के बाद खरीदी केंद्र पहुँचते ही सीधे धान की तौल प्रक्रिया शुरू हो गई। केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से सटीक तौलाई की गई और हमालों की भी पर्याप्त व्यवस्था रही, जिससे पूरी प्रक्रिया निर्बाध रूप से संपन्न हुई।
जेठूराम बंजारे ने शासन द्वारा निर्धारित 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और समय पर भुगतान की सराहना करते हुए कहा कि इससे किसानों को मजबूत आर्थिक संबल मिल रहा है। ऑनलाइन टोकन प्रणाली से न केवल समय और मेहनत की बचत हो रही है, बल्कि खरीदी केंद्रों पर भीड़ प्रबंधन भी बेहतर हुआ है।
किसान जेठूराम बंजारे ने किसान-हित में लागू इस अभिनव व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसी पहलें किसानों के भरोसे को और मजबूत करती हैं।
