रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने आज लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मण्डपम् में आयोजित गरिमामयी समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग के नवनियुक्त मुख्य सूचना आयुक्त अमिताभ जैन तथा राज्य सूचना आयुक्त पद पर नियुक्त उमेश कुमार अग्रवाल और शिरीष चंद्र मिश्रा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण की औपचारिक प्रक्रिया मुख्य सचिव विकास शील द्वारा संपन्न कराई गई।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में राजस्व, खेल एवं युवा कल्याण तथा आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरू खुशवंत साहेब, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, मुख्यमंत्री के सचिव सुबोध सिंह, राज्य शासन के विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव एवं सचिव, छत्तीसगढ़ मानव अधिकार आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष गिरिधारी नायक, राज्य सूचना आयोग के आयुक्त आलोक चंद्रवंशी, आयोग के पूर्व आयुक्त मनोज त्रिवेदी, अशोक अग्रवाल, धनवेंद्र जयसवाल, राज्य सूचना आयोग की सचिव नीलम नागदेव एक्का तथा अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की।
उल्लेखनीय है कि नवनियुक्त मुख्य सूचना आयुक्त अमिताभ जैन भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्य सचिव रह चुके हैं। उनके पास प्रशासनिक कार्यों का लंबा अनुभव है, जो सूचना आयोग के कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
वहीं राज्य सूचना आयुक्त उमेश कुमार अग्रवाल भी सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं, जिन्हें प्रशासनिक और नीति निर्धारण का व्यापक अनुभव प्राप्त है। राज्य सूचना आयुक्त शिरीष चंद्र मिश्रा पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े रहे हैं और उन्हें मीडिया तथा जनसंचार का व्यापक अनुभव है। राज्यपाल डेका ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से शासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनविश्वास को और सुदृढ़ करेंगे।
