रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद अब पुलिस कमिश्नर कार्यालय का पता बदल गया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला अब सिविल लाइंस स्थित C-3 बंगले से राजधानी की कानून-व्यवस्था की कमान संभालेंगे।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस कमिश्नर कार्यालय को नए परिसर में शिफ्ट कर दिया गया है। अब रायपुर के पहले पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले सिविल लाइंस स्थित C-3 बंगले से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
यह वही बंगला है, जहां पहले प्रदेश के डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा का निवास हुआ करता था। राज्य शासन के निर्णय के बाद इस बंगले को पूरी तरह से पुलिस कमिश्नर कार्यालय के रूप में विकसित कर दिया गया है। परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक कक्ष और बैठक कक्ष सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के शुरुआती दिनों में पुलिस कमिश्नर कार्यालय का संचालन अस्थायी रूप से पुराने राजस्व कमिश्नर कार्यालय से किया जा रहा था। हालांकि वहां जगह की कमी और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को देखते हुए नए परिसर की तलाश की जा रही थी। अब सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद कार्यालय को C-3 बंगले में स्थानांतरित कर दिया गया है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने गुरुवार से नए कार्यालय में विधिवत रूप से कामकाज शुरू कर दिया है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले भी इसी परिसर से अपने प्रशासनिक कार्यों का संचालन करेंगे।
अधिकारियों के अनुसार C-3 बंगला सिविल लाइंस के संवेदनशील और सुरक्षित क्षेत्र में स्थित है, जहां से राजधानी की कानून-व्यवस्था की बेहतर निगरानी संभव होगी। नए कार्यालय से पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी तथा राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।
