मुख्यमंत्री साय बोले- मूल स्वरूप से भी छेड़छाड़ नहीं होगी; प्रदेश के 38 स्थानों पर विकसित होंगे ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’
रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर चल रहे भ्रम पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम बदला नहीं जा रहा है। चौक के मूल स्वरूप से भी किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। इसे केवल ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इन स्थानों में रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है।
साय ने कहा कि इसे लेकर किसी तरह का भ्रम रखने की जरूरत नहीं है। तेलीबांधा चौक का नाम पहले की तरह ही रहेगा। केवल सेवा, जनभागीदारी और संकल्प की भावना को केंद्र में रखकर इसके विकास का काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वे गुरुवार को दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी। इस अवसर पर प्रदेश की माताओं-बहनों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण और आर्थिक स्वावलंबन के लिए लगातार काम कर रही है।
दुर्ग जिले को कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास और जनकल्याणकारी कार्यों की सौगात भी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ प्रदेश के हर क्षेत्र और हर वर्ग के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
