रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात में छत्तीसगढ़ में काला हिरण संरक्षण प्रयासों का जिक्र होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का लगातार उल्लेख होना राज्य की पहचान को मजबूत करता है और प्रदेशवासियों का मनोबल बढ़ाता है।
मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर के विनायक सिटी में विशाल जनसमूह के साथ ‘मन की बात’ की 133वीं कड़ी सुनी। इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देश के जनमानस को जोड़ने वाला सशक्त माध्यम बन चुका है, जहां देशभर के नवाचार, जनभागीदारी और जमीनी स्तर के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिलती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक अभिभावक की तरह देशवासियों से संवाद करते हैं और प्रेरणादायक कहानियों के जरिए समाज के हर वर्ग को सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करते हैं। इससे राष्ट्र निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयासों को नई ऊर्जा मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में काले हिरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों का राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेख होना विशेष सम्मान की बात है। यह राज्य की पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि बांस को पेड़ की श्रेणी से अलग कर विशेष श्रेणी में शामिल किए जाने से इसके उपयोग में वृद्धि हुई है, जिससे खासकर महिलाओं की आय बढ़ी है।
वहीं प्रधानमंत्री द्वारा पवन ऊर्जा पर दिए गए जोर का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों के साथ घर से लाए गए छत्तीसगढ़ी व्यंजन साझा कर भोजन किया। इस मौके पर रमन सिंह, केदार कश्यप समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
