चाइनीज मांझे का कहर: 5 साल के बच्चे की गर्दन कटी, मौत

दिल्ली। दिल्ली के उस्मानपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां चाइनीज मांझे की चपेट में आने से 5 साल के मासूम की जान चली गई। यह घटना रविवार को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल के पास हुई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।

पुलिस के मुताबिक, बच्चा अपने परिवार के साथ बाइक पर जा रहा था और वह सबसे आगे बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक सड़क पर उड़ते हुए खतरनाक चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। मांझा उसकी गर्दन पर इस तरह लिपटा कि गहरा कट लग गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

यह घटना एक बार फिर चाइनीज मांझे के खतरे को उजागर करती है। पतंगबाजी में इस्तेमाल होने वाला यह मांझा बेहद धारदार होता है और अक्सर ऐसे हादसों का कारण बनता है। पहले भी दिल्ली और अन्य शहरों में इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान तक चली गई है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इलाके में प्रतिबंधित मांझा कैसे पहुंचा। प्रशासन पहले ही चाइनीज मांझे के इस्तेमाल और बिक्री पर रोक लगा चुका है, लेकिन इसके बावजूद यह खुलेआम बिक रहा है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Exit mobile version