वित्त मंत्री ने भाठनपाली–बिंजकोट में 6.26 करोड़ के सड़क निर्माण कार्य का किया भूमिपूजन

पीएमजीएसवाई के तहत ग्रामीण सड़कों से बदलेगी तस्वीर, दो विकास कार्यों के लिए 10-10 लाख की घोषणा

रायपुर। ग्रामीण अंचलों में आवागमन को सशक्त बनाने और विकास की रफ्तार बढ़ाने के लिए राज्य सरकार लगातार बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही है।

इसी क्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड अंतर्गत ग्राम भाठनपाली और बिंजकोट में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत 6 करोड़ 26 लाख रुपए की लागत से बनने वाले सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं रोजगार से जुड़े अवसरों का विस्तार होगा।

इस अवसर पर वित्त मंत्री ने भाठनपाली में 10 लाख रुपए की लागत से शेड निर्माण और बिंजकोट में 10 लाख रुपए के अन्य आवश्यक विकास कार्यों की घोषणा की। साथ ही ग्रामीणों द्वारा उठाई गई सीसी रोड निर्माण की मांग को भी शीघ्र पूरा करने का भरोसा दिलाया। बिंजकोट में उज्ज्वला योजना के तहत 6 हितग्राहियों को गैस कनेक्शन भी वितरित किए गए।

जानकारी के अनुसार, भाठनपाली में एनएच-49 से मोहंदाभाठा बस्ती तक 2.25 किलोमीटर तथा धनुहारडेरा से भाठनपाली तक 1.80 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिसकी कुल लागत 3.28 करोड़ रुपए है।

वहीं बिंजकोट में एकताल रोड से बिंजकोट बस्ती तक और एकताल से सांपखोड़–सकरबोंगा तक सड़क निर्माण पर 2.98 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए जाएंगे। वित्त मंत्री ने सभी कार्यों को 12 माह के भीतर तय समय-सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है।

किसानों को बकाया बोनस भुगतान, 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, आवास योजनाएं और महिला सशक्तिकरण की योजनाएं सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार निरंतर जनहित में काम कर रही है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य बृजेश गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता चौहान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Exit mobile version