युवाओं की ऊर्जा ही राष्ट्र की असली ताकत: मंत्री टंकराम वर्मा

रायपुर। दाऊ कल्याण शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बलौदाबाजार में आयोजित 7 दिवसीय राज्य स्तरीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का मंगलवार को गरिमामय समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
राज्य स्तरीय इस शिविर में प्रदेश के 9 विश्वविद्यालयों एवं उनसे सम्बद्ध महाविद्यालयों के 270 स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने शैक्षणिक, सामाजिक सेवा, स्वच्छता अभियान, जागरूकता कार्यक्रम एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को समापन अवसर पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं की ऊर्जा ही राष्ट्र की असली ताकत है। यदि इस ऊर्जा को सही दिशा और उद्देश्य मिले, तो देश तेजी से प्रगति कर सकता है। उन्होंने कहा कि एनएसएस जैसे शिविर युवाओं में अनुशासन, सेवा भाव और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करते हैं।
उन्होंने संगत के महत्व पर जोर देते हुए युवाओं को सकारात्मक सोच और अच्छे मूल्यों से जुड़ने की सलाह दी। साथ ही स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, विभिन्न जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।





