किसानों की समृद्धि और खुशहाली से ही विकसित भारत का सपना होगा साकार: सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अन्नदाता देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ हैं और किसानों की समृद्धि से ही विकसित भारत का संकल्प साकार होगा।

मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आज प्रदेशभर से आए किसानों ने उनसे सौजन्य मुलाकात कर कृषक उन्नति योजना के तहत धान के अंतर की 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक राशि होली से पहले खातों में अंतरित किए जाने की घोषणा पर आभार जताया। इस अवसर पर किसानों ने मुख्यमंत्री को धान से तौलकर अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। भारत कृषि प्रधान देश है और किसानों की उन्नति ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है।

उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के समय किसान क्रेडिट कार्ड जैसी व्यवस्था लागू की गई, जिससे किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध हुआ और साहूकारों पर निर्भरता घटी। अब किसानों को ब्याज मुक्त पूंजी और विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है, जो देश में सर्वाधिक है। इस वर्ष 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है।

उन्होंने घोषणा की कि 28 फरवरी को बिलासपुर जिले से राज्य स्तरीय राशि अंतरण कार्यक्रम के माध्यम से किसानों के खातों में राशि अंतरित की जाएगी, जिसे प्रदेशभर में उत्सव की तरह मनाया जाएगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Exit mobile version