अफीम उगाने वाले भाजपा नेता के अवैध कब्जे पर जिला प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

रायपुर। दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में जिला प्रशासन ने शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाकर जमीन को मुक्त कराया।

कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त तहसीलदार क्षमा यदु के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। प्रशासनिक टीम ने जनपद पंचायत दुर्ग के अंतर्गत राजस्व निरीक्षक मंडल जेवरा सिरसा, तहसील दुर्ग स्थित ग्राम समोदा में शासकीय घास भूमि खसरा नंबर 778, रकबा 0.13 हेक्टेयर पर किए गए अवैध निर्माण को हटाया।

जांच में पाया गया कि इस भूमि पर पक्का दुकान बनाकर और टीन शेड लगाकर अवैध कब्जा किया गया था। इसके अलावा सीमेंट पोल लगाकर तार से घेराबंदी भी की गई थी। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी के माध्यम से सभी अवैध निर्माण को हटाते हुए भूमि को कब्जामुक्त कराया।

बताया गया कि ग्राम निवासी ब्रजेश ताम्रकार ने शासकीय जमीन पर अतिक्रमण कर निर्माण कार्य किया था। कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक रेखा शुक्ला, पटवारी चंद्रिका प्रसाद खरें सहित राजस्व अमला, पुलिस विभाग के अधिकारी, पंचायत जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय जमीनों पर अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version