मेरठ में बनेगा देश का पहला ड्रोन रनवे: 900 एकड़ में 371 करोड़ रुपए से तैयार होगा एयरबेस, C-295 और C-130 विमान भी भर सकेंगे उड़ान

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में देश का पहला समर्पित ड्रोन और मानव रहित विमान (UAV) रनवे विकसित करने की तैयारी है। करीब 900 एकड़ जमीन पर बनने वाली इस परियोजना पर 371.15 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। सीमा सड़क संगठन (BRO) ने प्रोजेक्ट शिवालिक के तहत इसके लिए नया टेंडर जारी किया है। यह केंद्र सैन्य निगरानी, ड्रोन संचालन और आपदा प्रबंधन के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा।

900 एकड़ में बनेगा अत्याधुनिक एयरबेस

यह परियोजना मेरठ छावनी के किला रोड स्थित मिलिट्री फार्म की जमीन पर प्रस्तावित है। यहां 2,110 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे बनाया जाएगा। इसके अलावा ड्रोन और विमानों को सुरक्षित रखने के लिए दो बड़े हैंगर तैयार करने की योजना है। प्रत्येक हैंगर 60 मीटर चौड़ा और 50 मीटर लंबा होगा।

371 करोड़ रुपए का टेंडर जारी

प्रोजेक्ट शिवालिक के तहत पहले करीब 406 करोड़ रुपए का टेंडर जारी किया गया था। बाद में BRO के अतिरिक्त महानिदेशक (उत्तर-पश्चिम), चंडीगढ़ कार्यालय ने 371.15 करोड़ रुपए का संशोधित टेंडर जारी किया। निविदाएं जमा करने की अंतिम तारीख 25 सितंबर 2026 थी। चयनित एजेंसी को सात महीने में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करनी होगी। इसके बाद मंजूरी मिलने पर निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

ड्रोन के साथ सैन्य विमान भी भरेंगे उड़ान

इस रनवे की खासियत यह होगी कि यहां अत्याधुनिक ड्रोन और रिमोटली पायलटेड एयरक्राफ्ट का संचालन किया जा सकेगा। इसके अलावा C-295 और C-130 जैसे सैन्य परिवहन विमान भी उतर सकेंगे और उड़ान भर सकेंगे। इससे सेना के लिए जरूरी उपकरणों और संसाधनों की आवाजाही आसान हो सकती है।

निगरानी और आपदा प्रबंधन में मिलेगी मदद

आधुनिक युद्ध में ड्रोन का इस्तेमाल दुश्मन की गतिविधियों पर नजर रखने, खुफिया जानकारी जुटाने और संवेदनशील इलाकों की निगरानी के लिए तेजी से बढ़ा है। मेरठ का यह केंद्र ड्रोन के संचालन, परीक्षण और प्रशिक्षण के लिए भी उपयोगी हो सकता है।

इसके अलावा बाढ़, भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान ड्रोन से प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी, राहत-बचाव अभियान और जरूरी सामग्री पहुंचाने में मदद ली जा सकेगी। इस तरह यह परियोजना सैन्य जरूरतों के साथ नागरिक आपदा प्रबंधन की क्षमता बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभा सकती है।

↑
Exit mobile version