घर में खाना बनाने वाला कुक ही निकला चोर: 15 लाख के जेवर और कैश उड़ाए, ज्वेलर्स समेत दो गिरफ्तार

रायपुर। खम्हारडीह इलाके में घर की अलमारी से लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने घर में खाना बनाने वाले कुक को गिरफ्तार किया है। आरोपी बबलू मिश्रा (47) परिवार की गैरमौजूदगी में मौका देखकर धीरे-धीरे अलमारी के लॉकर से कीमती सामान चोरी करता था। चोरी के जेवर खरीदने वाले ज्वेलर्स संतोष सोनी (51) को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

मामला भावना नगर निवासी पदमेश दुबे के घर का है। प्रार्थी के मुताबिक, पिछले 2-3 महीने से घर की अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के और नकदी गायब हो रहे थे। शक होने पर उन्होंने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। 15 नवंबर 2026 को फुटेज में घर का कुक बबलू मिश्रा लॉकर से जेवर और रुपए चोरी करते दिखाई दिया। आरोपी करीब 15 लाख रुपए का सामान चोरी कर चुका था।

शिकायत पर खम्हारडीह थाने में अपराध दर्ज कर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पूछताछ में बबलू ने चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि कुछ जेवर कुशालपुर निवासी ज्वेलर्स संतोष सोनी को बेचे हैं, जबकि कुछ आभूषण मणप्पुरम गोल्ड लोन में गिरवी रखे हैं।

पुलिस ने संतोष सोनी को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए। दोनों आरोपियों के पास से करीब 3.15 लाख रुपए कीमत के आभूषण जब्त किए गए हैं। गोल्ड लोन में गिरवी रखे जेवरों को बरामद करने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 317(2) और 3(5) भी जोड़ी है।

↑
Exit mobile version