राष्ट्र की सुरक्षा में हमारे सैनिकों का योगदान अतुलनीय : CM साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस हमारे वीर सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। देश की सुरक्षा में हमेशा तत्पर रहने वाले सैन्य जवानों का साहस, समर्पण और त्याग अतुलनीय है। वे मुख्यमंत्री निवास कार्यालय रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के सचिव ब्रिगेडियर विवेक शर्मा से सौजन्य भेंट के दौरान संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर ब्रिगेडियर शर्मा ने मुख्यमंत्री को सशस्त्र सेना झंडा दिवस के प्रतीक स्वरूप सम्मान बैज लगाया और सैनिक कल्याण संचालनालय द्वारा संचालित योजनाओं एवं कल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह दिवस हमें याद दिलाता है कि सीमा पर तैनात सैनिकों एवं शहीद परिवारों के प्रति हमारी जिम्मेदारी केवल भावनाओं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनके उत्थान के लिए योगदान देने की प्रबल भावना भी होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण हेतु अपनी ओर से अंशदान भी किया और कहा कि समाज के हर वर्ग को इस पुनीत कार्य में साझेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सैनिकों की सेवा और सुरक्षा के बिना राष्ट्र का अस्तित्व सुरक्षित नहीं रह सकता, इसलिए उनका सम्मान और समर्थन हमारा नैतिक दायित्व है।

इस अवसर पर सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और पद्मश्री उषा बारले भी उपस्थित थीं। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर दिल खोलकर योगदान दें और सैनिक परिवारों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाएं।

Exit mobile version