रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने देश के वरिष्ठ साहित्यकार एवं ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित विनोद कुमार शुक्ल के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। उन्होंने मंगलवार को शुक्ल के सुपुत्र शास्वत शुक्ल से दूरभाष पर चर्चा कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से निरंतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विनोद कुमार शुक्ल छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक परंपरा के स्तंभ हैं। उनका लेखन हमारी भाषा, संवेदना और संस्कृति की आत्मा को जीवंत करता है। उन्होंने कहा कि श्री शुक्ल ने अपनी रचनाओं से भारतीय साहित्य को नई दिशा दी है। मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम से उनके शीघ्र स्वस्थ होने और दीर्घायु की कामना की।
उल्लेखनीय है कि ज्ञानपीठ और साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ कथाकार एवं कवि विनोद कुमार शुक्ल विगत कुछ दिनों से अस्वस्थ हैं और रायपुर के एक निजी अस्पताल में उपचाररत हैं। उनके स्वास्थ्य लाभ की जानकारी मिलने के बाद साहित्य जगत और पाठकों में राहत की भावना है।
