रायपुर। प्रदेश में निजी स्कूलों की मनमानी को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि किसी भी स्थिति में निजी स्कूलों की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभिभावकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा संतुलन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्कूल के खिलाफ शिकायत मिलती है और जांच में अनियमितता या नियमों का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित संस्थान के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
सीएम साय ने यह भी स्पष्ट किया कि स्कूलों द्वारा अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। फीस बढ़ोतरी, किताब-कॉपी या यूनिफॉर्म के नाम पर अतिरिक्त दबाव जैसी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, लेकिन इसके लिए अभिभावकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि शिक्षा एक संवेदनशील विषय है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। सरकार इस दिशा में लगातार निगरानी कर रही है और जरूरत पड़ने पर नए नियम और दिशा-निर्देश भी जारी किए जाएंगे, ताकि व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत हो, तो वे संबंधित विभाग को जानकारी दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को निष्पक्ष, पारदर्शी और जनहितैषी बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
