रायपुर। राजधानी रायपुर में खुलेआम हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह वीडियो आजाद चौक थाना क्षेत्र के रामकुंड बस्ती का बताया जा रहा है, जिसमें राहुल जंघेल उर्फ मान्या सुर्वे नामक युवक हाथ में चापड़ लेकर सड़क पर घूमता नजर आ रहा है।
26 सेकेंड के इस वीडियो में युवक राह चलते लोगों को गालियां देते हुए डराने-धमकाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है।
वीडियो के वायरल होते ही इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल बनता जा रहा है और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
रहवासियों ने पुलिस प्रशासन से ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वीडियो सामने आने के बाद आजाद चौक थाना पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में युवक की पहचान राहुल जंघेल उर्फ मान्या सुर्वे के रूप में की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर घूमना और लोगों को डराना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई का प्रावधान है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि इस तरह की कोई गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
लगातार सामने आ रहे ऐसे वीडियो राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। शहरवासियों का कहना है कि पुलिस की त्वरित और कठोर कार्रवाई से ही ऐसे बदमाशों पर लगाम लगाई जा सकती है। फिलहाल, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
