राम नारायण बिजली उपभोक्ता से बने ऊर्जादाता
रायपुर। शासन की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। यह योजना न केवल बढ़ते बिजली बिल से राहत दे रही है, बल्कि लोगों को स्वच्छ, सस्ती और हरित ऊर्जा से भी जोड़ रही है। इसके माध्यम से आम उपभोक्ता अब केवल बिजली उपभोग तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि वे ऊर्जा उत्पादन में भी सहभागी बनकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
इस योजना की सफलता का जीवंत उदाहरण अंबिकापुर नगर के भिट्ठी कला निवासी राम नारायण गुप्ता हैं। उन्होंने अपने घर की छत पर 5 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप पैनल स्थापित किया और महज एक माह के भीतर उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया। पहले जहां अधिक बिजली खपत के कारण हर महीने भारी-भरकम बिल का सामना करना पड़ता था, वहीं अब सौर ऊर्जा के उपयोग से उन्हें पूरी राहत मिल रही है।
राम नारायण गुप्ता ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तुरंत आवेदन किया। योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकार द्वारा कुल 1 लाख 8 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जाती है, जिससे सोलर पैनल लगाना आम नागरिकों के लिए सरल और किफायती हो गया है। सब्सिडी के कारण प्रारंभिक लागत काफी कम हुई और उन्हें बिना आर्थिक दबाव के यह कदम उठाने का अवसर मिला।
उन्होंने बताया कि सोलर पैनल लगाए अभी एक ही महीना हुआ है और इस दौरान उनका बिजली बिल शून्य आया है। साथ ही यह योजना उन्हें ऊर्जादाता भी बना रही है। विद्युत विभाग से हुए एग्रीमेंट के अनुसार, पहले सौर ऊर्जा का उपयोग घर की जरूरतों में होता है और बची हुई बिजली ग्रिड में भेज दी जाती है, जिसका भुगतान वर्ष के अंत में किया जाता है।
राम नारायण ने इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए केंद्र व राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और अन्य नागरिकों से भी इस योजना से जुड़कर स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की अपील की।
