टेंट कारोबारी की हत्या कर खेत में दफनाया शव, एक संदेही हिरासत में

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एक टेंट कारोबारी की हत्या कर शव को मिट्टी में दफनाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान सुरेश चौहान के रूप में हुई है, जो शहर में टेंट व्यवसाय से जुड़े थे और स्थानीय स्तर पर उनकी अच्छी पहचान थी।

जानकारी के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे खेत में सोमवार सुबह मिट्टी के मलबे में दबा शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को बाहर निकालकर पंचनामा किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बताया जा रहा है कि सुरेश चौहान शनिवार से लापता थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही दर्ज कराई थी। पुलिस को जांच के दौरान मृतक की गाड़ी घर के पास मिली, जबकि कुछ दूरी पर उनका पर्स भी बरामद हुआ, जिस पर खून के निशान पाए गए हैं।

घटनास्थल और मृतक के घर से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए उसे खेत में मिट्टी के नीचे दबा दिया गया था।

मामले में पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश या अन्य कारणों की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी हर पहलू से जांच कर रही है। फिलहाल, इस सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग घटना को लेकर चर्चा कर रहे हैं।

Exit mobile version