दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेजी से असर दिखाना शुरू कर दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर में लंबे समय से सक्रिय एंटी साइक्लोन सिस्टम के कारण राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में समय से पहले गर्मी बढ़ गई है। मैदानी इलाकों के कई शहरों में तापमान 35°C से 39°C तक पहुंच गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3 से 4 दिनों में कुछ क्षेत्रों में पारा 40°C के पार भी जा सकता है।
मौसम विभाग ने गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। गुजरात में शनिवार को लू चलने की संभावना जताई गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में भी गर्मी बढ़ने के संकेत हैं, हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।
मौसम एजेंसी आईएमडी के मुताबिक हीटवेव की स्थिति तब मानी जाती है जब मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो जाए, या सामान्य तापमान से 4 से 6 डिग्री ज्यादा दर्ज किया जाए। ऐसी स्थिति में लोगों को लू लगने का खतरा बढ़ जाता है और स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है।
निजी मौसम एजेंसी स्कॉईमेट वेदर के अनुसार 7 से 11 मार्च के बीच एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा। इसके असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
इधर कई राज्यों में मौसम तेजी से बदल रहा है। मध्य प्रदेश में तेज धूप के कारण दोपहर में गर्मी बढ़ गई है, जबकि छत्तीसगढ़ में अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और मैदानी इलाकों में तापमान 38 डिग्री के पार पहुंच गया है। पंजाब और चंडीगढ़ में भी तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में अगर बारिश की कोई मजबूत प्रणाली सक्रिय नहीं हुई तो उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में गर्मी और बढ़ सकती है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।
