MP में पारा 5°C से नीचे, राजस्थान में शीतलहर: पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में बढ़ी ठिठुरन

दिल्ली। देशभर में ठंड ने अपना असर और तेज कर दिया है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का सीधा असर मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है।

मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। पचमढ़ी और कल्याणपुर में मंगलवार रात पारा 5°C से कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में राज्य में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और गिरावट हो सकती है। ग्वालियर, रीवा और चंबल संभाग में सुबह के वक्त घना कोहरा छाने से ‘जीरो विजिबिलिटी’ जैसी स्थिति बन सकती है।

राजस्थान में भी शीतलहर ने लोगों की कंपकंपी बढ़ा दी है। जैसलमेर, बीकानेर, जोधपुर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और झुंझुनूं में बीते 24 घंटे में घना कोहरा रहा, जिससे दिन के तापमान में 5 से 7 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने चेतावनी दी है कि उत्तर-पश्चिमी जिलों में अगले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरा बना रहेगा।

उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में हालात और ज्यादा सख्त हैं। कश्मीर के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 2.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कुपवाड़ा में 2.4°C, काजीगुंड में 3.2°C और कोकरनाग में 2.8°C रहा। उत्तराखंड के कई इलाकों में पाला गिरने की खबरें हैं, जिससे सेब और सब्जी की फसलों को नुकसान पहुंचा है।

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रहा। भिवानी, गोरखपुर और पटना जैसे शहरों में विजिबिलिटी बेहद कम रही, जिससे ट्रेनों और उड़ानों पर असर पड़ा। रेलवे के अनुसार कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

मौसम विभाग ने 25 और 26 दिसंबर के लिए पंजाब, हरियाणा, यूपी, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ में घने से बहुत घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। वहीं पहाड़ी राज्यों में हल्की बर्फबारी और बारिश से ठंड और बढ़ने की संभावना है। लोगों को सुबह-शाम घर से निकलते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version