दुर्ग। दुर्ग जिले के भिलाई में एक महिला शिक्षक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। भिलाई सेक्टर-8 निवासी रजनी देवांगन (50) ने कथित रूप से खुद को आग लगाकर जान दे दी।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराते हुए शारीरिक परेशानी का उल्लेख किया है।
जानकारी के अनुसार रजनी देवांगन अपने घर पर ही पहली से बारहवीं तक के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं। 10 फरवरी की शाम जब बच्चे पढ़ने पहुंचे तो घर के अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
पड़ोसियों ने भी आवाज लगाई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसी दौरान घर के भीतर से धुआं निकलता देख डायल-112 को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने बाथरूम के अंदर महिला को जली हुई अवस्था में पाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी, सीएसपी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में बाथरूम के भीतर माचिस की तीली भी मिली है।
पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट में महिला ने अपनी शारीरिक तकलीफों का जिक्र किया है, हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
परिवार के अनुसार रजनी का बेटा डॉक्टर है, जबकि बेटी रायपुर में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। उनके पति एक निजी कंपनी में इंजीनियर हैं। घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था।
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि फिलहाल मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
